संतोष उपाध्याय बनाए गए बदलापुर विधानसभा के अध्यक्ष,अरविंद बने महासचिव
महराजगंज/ जौनपुर।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा संगठन विस्तार को लेकर एक अहम निर्णय लेते हुए बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के लिए संतोष उपाध्याय निवासी बगौझर को अध्यक्ष व अरविंद कुमार सरोज को महासचिव नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति पार्टी के जिलाध्यक्ष रीता सरोज एडवोकेट द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के माध्यम से की गई।जारी पत्र के अनुसार, संतोष उपाध्याय से अपेक्षा की गई है कि वे पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाते हुए संगठन को मजबूत करेंगे तथा क्षेत्र में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने का कार्य करेंगे। पार्टी नेतृत्व को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में संगठन और अधिक सशक्त होगा।नवनियुक्त अध्यक्ष संतोष उपाध्याय ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा पार्टी को क्षेत्र में मजबूत बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।वहीं महासचिव अरविंद कुमार सरोज ने कहा कि पार्टी की नीतियों का पालन किया जाएगा।इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल देखने को मिला और उन्होंने संतोष उपाध्याय को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
























