जौनपुर।मुठभेड़ में दो असलहा तस्कर दबोचे, पैर में लगी गोली; ₹1.25 लाख व हथियार बरामद

मुठभेड़ में दो असलहा तस्कर दबोचे, पैर में लगी गोली; ₹1.25 लाख व हथियार बरामद

जौनपुर ।अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को थाना सरायख्वाजा व बक्सा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में असलहा तस्करी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों के पैर में गोली लगी है। वहीं, उनके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार छबिलेपुर से छुन्छा गांव जाने वाले मार्ग पर छुन्छा पुलिया के पास नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए और मौके पर ही पकड़ लिए गए।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुडलक तिवारी निवासी खानपुर व शशांक सिंह उर्फ साहिल निवासी आहोपुर (दोनों थाना सिंगरामऊ) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचा (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस, दो खोखा, एक मोटरसाइकिल और ₹1.25 लाख नकद बरामद किया है।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करते हैं और अन्य साथियों के साथ हथियार खरीदने जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास है और विभिन्न थानों में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

इस संबंध में थाना सरायख्वाजा में मुकदमा संख्या 169/2026 के तहत धारा 3(5), 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *