बदायूँ सांसद आदित्य यादव ने लोकसभा में उठाया प्लांट में दिनदहाड़े हुई हत्याओं का मामला

सांसद आदित्य यादव ने लोकसभा में उठाया प्लांट में दिनदहाड़े हुई हत्याओं का मामला

 प्रशासन की कार्य प्रणाली संदिग्ध,पीड़ितों को नहीं मिला न्याय

सीबीआई जांच की मांग हुई तेज

बदायूं। युवा सपा सांसद आदित्य यादव ने लोकसभा में सैंजनी स्थित गांव में एचपीसीएल प्लांट में दिनदहाड़े दो अधिकारियों की हत्या का मामला जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि मुख्य प्रबंधक सुधीर गुप्ता और उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा की हत्या प्लांट परिसर के अंदर की गई, जो सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मृतक अधिकारियों ने पूर्व में कई बार अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस और प्रशासन को लिखित शिकायतें दी थीं, लेकिन इसके बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि प्लांट में पहले भी हमला हुआ था, फिर भी आरोपी को न तो गिरफ्तार किया गया और न ही पीड़ित अधिकारियों को सुरक्षा प्रदान की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी को स्थानीय स्तर पर राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था, जिसके कारण पुलिस और प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की।

लोकसभा में इस मुद्दे को उठाते हुए सांसद ने पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांगकी, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था, प्रशासनिक जवाबदेही और औद्योगिक सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न है।

सांसद ने सरकार से मांग की कि दोषी अपराधियों, लापरवाह पुलिस अधिकारियों और उन्हें संरक्षण देने वाले प्रभावशाली लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतक अधिकारियों के परिवारों को सुरक्षा और न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *