जौनपुर।स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर भाजपा की कार्यशाला, बूथ स्तर तक सक्रियता पर जोर

स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर भाजपा की कार्यशाला, बूथ स्तर तक सक्रियता पर जोर

जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर मंगलवार को पार्टी के स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत संगठन गीत के साथ हुई। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ किया गया।

मुख्य अतिथि अशोक चौरसिया ने कहा कि सदस्यता के आधार पर भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल को स्थापना दिवस के अवसर पर सभी बूथों और मंडलों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ-साथ केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यशाला केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि संगठन को मजबूत और प्रभावी बनाने का माध्यम है। भाजपा को राष्ट्रवाद, सेवा और समर्पण की विचारधारा वाली पार्टी बताते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से स्थापना दिवस के कार्यक्रमों को ऐतिहासिक बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल उत्सव का नहीं, बल्कि संकल्प का है। कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना होगा।

कार्यक्रम का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं संयोजक अजय सिंह ने किया। इस अवसर पर एमएलसी ब्रजेश सिंह ‘प्रिंसू’, पूर्व विधायक सुरेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय, अमित श्रीवास्तव, पीयूष गुप्ता, सुधाकर उपाध्याय, गीता बिंद, संतोष सिंह, राकेश वर्मा, सुनील यादव, राजू दादा, राज पटेल, आमोद सिंह, नरेंद्र उपाध्याय, रागिनी सिंह सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *