हिंदू नव वर्ष प्रतिपदा के उपलक्ष में राष्ट्रीय स्वयं संघ के कार्यकर्ताओं द्वारा निकाला गया पथ संचलन।
शरद बिंद
दुर्गागंज,भदोही। अभोली ब्लॉक स्थित संकट मोचन मंदिर परिसर में रविवार को हिंदू नववर्ष प्रतिपदा के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवर की जयंती एवं स्थापना के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दुर्गागंज बाजार में पथ संचलन निकाला गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
पथ संचलन संकट मोचन मंदिर से प्रारंभ होकर बाजार के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में समाप्त हुआ। इस दौरान स्वयंसेवक अनुशासनबद्ध ढंग से कदमताल करते हुए आगे बढ़ते नजर आए, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉक्टर अजय पांडे ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा के लिए समाज को एकजुट रहने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से सामाजिक समरसता बनाए रखने और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने का आह्वान किया। उनके संबोधन के दौरान उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक विचार सुने।
इस अवसर पर कौलेश्वर, अंकित सिंह, देवेंद्र सिंह, राजित राम यादव, राधेश्याम भास्कर, फूलचंद पंकज, नरेंद्र तिवारी, सुनील मिश्रा, संजय पाठक, आशुतोष पांडे, विंध्यवासिनी पांडे और अशोक प्रजापति सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। उपनिरीक्षक रणजीत सिंह, सत्य नारायण सिंह यादव, अशोक कुमार यादव, रविंद्र कुमार गुप्ता और रामलाल यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे और कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह के सफल आयोजन से क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
























