अहरौला ब्लॉक में स्वयं सहायता समूह के फूड कार्नर ठेला का उद्घाटन, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा
आजमगढ़। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश के क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विकास खंड अहिरौला में स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित फूड कार्नर ठेला का उद्घाटन खंड विकास अधिकारी विनीत कुमार यादव अहरौला के कर कमलों द्वारा किया गया। उद्घाटन के अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेकर महिलाएं स्वरोजगार अपनाएं और आर्थिक रूप से मजबूत बनें।
खंड विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। फूड कार्नर ठेला शुरू होने से समूह की महिलाओं को नियमित आय का साधन प्राप्त होगा तथा अन्य समूहों को भी इससे प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि विकास खंड स्तर पर ऐसे प्रयास लगातार किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके।
इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत, सहायक विकास अधिकारी (एस.टी.), सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण, ब्लॉक मिशन प्रबंधक सहित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की दीदियाँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान समूह की महिलाओं ने अधिकारियों का स्वागत किया और फूड कार्नर संचालन की जानकारी दी।
कार्यक्रम विकास खंड अहिरौला परिसर में आयोजित किया गया, जहां उपस्थित अधिकारियों ने समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में स्वयं सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका है। क्षेत्र के लोगों ने भी इस पहल की सराहना की।























