बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र के प्रस्ताव पर तियरा चन्दापुर आयुर्वेदिक अस्पताल की भूमि रजिस्ट्री के लिए 68,830 रुपये मंजूर
जौनपुर/बदलापुर।बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के तियरा चन्दापुर स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय की दान में मिली भूमि की रजिस्ट्री कराने का रास्ता साफ हो गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने इसके लिए 68,830 रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है।
यह स्वीकृति बदलापुर के विधायक रमेश चंद्र मिश्र के प्रस्ताव पर दी गई है। विधायक के प्रयास से आयुर्वेद विभाग को यह राशि कोर्ट फीस और अन्य आवश्यक खर्च के लिए जारी की गई है, ताकि अस्पताल की जमीन को विधिवत विभाग के नाम दर्ज कराया जा सके।
प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव रंजन कुमार द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार, यह धनराशि वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में आयुर्वेद विभाग के अंतर्गत भूमि क्रय मद से जारी की गई है। इस राशि का उपयोग केवल भूमि के निबंधन (रजिस्ट्री) और कोर्ट फीस के भुगतान के लिए किया जाएगा।
शासनादेश में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जमीन के निर्विवाद होने की पूरी जांच करने के बाद ही प्रक्रिया पूरी की जाए और वित्तीय नियमों का पालन करते हुए धनराशि खर्च की जाए।
विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि क्षेत्र में आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल की भूमि रजिस्ट्री होने से भविष्य में यहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने का रास्ता खुलेगा।
























