जौनपुर में जनसेवा केंद्र संचालक से लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार
जफराबाद (जौनपुर)।जफराबाद थाना क्षेत्र में जनसेवा केंद्र संचालक को गोली मारकर लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया। जफराबाद, गौराबादशाहपुर थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से लूटी गई मोटरसाइकिल, नकदी, मोबाइल फोन और अवैध असलहे बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार गोसाईपुर गांव निवासी प्रेमचंद्र यादव, जो जनसेवा केंद्र संचालित करते हैं, बुधवार रात केंद्र से घर लौट रहे थे। रास्ते में बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी और उनकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन व बैग में रखा नकद लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद जफराबाद थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई।
गुरुवार को पुलिस टीम कबूलपुर पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल तीन बदमाश लूटी हुई मोटरसाइकिल से बेलाव की ओर से आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाश मोटरसाइकिल मोड़कर कच्चे रास्ते से भागने लगे, लेकिन रास्ता खराब होने के कारण बाइक गिर गई और तीनों बगीचे की ओर भागने लगे।
पुलिस के पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें जफराबाद थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविंद कुमार सिंह के दाहिने हाथ में गोली लग गई, जबकि थानाध्यक्ष की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीनों बदमाशों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में आदर्श यादव उर्फ अलगू (विशुनपुर बसवत), दिवाकर कुमार (सकरा) और अमन यादव (बगथरी) शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से .32 बोर पिस्टल, .315 बोर तमंचा, कारतूस, लूट के 27 हजार रुपये, दो मोबाइल फोन और लूटी गई सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने साथी अनुराग यादव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। लूट में करीब 90 हजार रुपये मिले थे, जिनमें से 10-10 हजार रुपये तीनों को दिए गए थे और बाकी रकम अनुराग यादव अपने पास रखकर फरार हो गया।
घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
























