सपा के दो बड़े आयोजन, बांसडीह में होली मिलन और कांशीराम जी की जयंती
संजीव सिंह बलिया। समाजवादी पार्टी द्वारा इस सप्ताह जनपद में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पहला कार्यक्रम 13 मार्च को बांसडीह क्षेत्रीय संगठन द्वारा बांसडीह स्थित आदित्य लॉज में होली मिलन समारोह के रूप में मनाया जाएगा। इसके बाद 15 मार्च को जिला समाजवादी पार्टी द्वारा सामाजिक बदलाव के प्रतीक एवं वंचितों के मसीहा स्वर्गीय कांशीराम जी की जयंती नगर के टाउन हॉल में धूमधाम से मनाई जाएगी।जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सुशील कुमार पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने बताया कि बांसडीह होली मिलन में विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता, नेता व पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। विशेष रूप से पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी की उपस्थिति रहेगी। जनपद के पदाधिकारी, वर्तमान एवं पूर्व सांसद-विधायक भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।उन्होंने कहा कि 15 मार्च को कांशीराम जी की जयंती पर पूरे जनपद से कार्यकर्ता, नेता, पदाधिकारी व उनके विचारों को मानने वाले लोग उपस्थित रहेंगे। सपा इस अवसर को “पी.डी.ए. दिवस” के रूप में मना रही है तथा सामाजिक न्याय व समानता के विचारों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराएगी।
























