बलिया।महिलाओं के स्नेह से भावुक हुए विधायक उमाशंकर सिंह, खनवर आवास पर जनता दरबार में सुनीं समस्याएं

महिलाओं के स्नेह से भावुक हुए विधायक उमाशंकर सिंह, खनवर आवास पर जनता दरबार में सुनीं समस्याएं

रामेश्वर प्रजापति छांगुर

नगरा (बलिया)

बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के खनवर स्थित आवास पर गुरुवार को आयोजित जनता दरबार में क्षेत्र के लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसी दौरान सैकड़ों की संख्या में महिलाओं का जनसमूह भी वहां पहुंचा और विधायक से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

महिलाओं और ग्रामीणों का अपार स्नेह देखकर विधायक भावुक हो उठे। यह दृश्य देखकर मौजूद लोगों ने उनसे बैठकर बातचीत करने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने खड़े होकर ही देर तक सभी से बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

बताया जा रहा है कि हाल में हुई कार्रवाई के बाद से ही उनके खनवर स्थित आवास पर समर्थकों और क्षेत्रीय लोगों का लगातार आना-जाना लगा हुआ है। हर कोई उनसे मिलकर उनका हालचाल जान रहा है और उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहा है।

जनता दरबार में पहुंची महिलाओं ने विधायक को आशीर्वाद देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु होने की कामना की। वहीं कई ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रार्थना पत्र भी सौंपा। लोगों ने सड़क, नाली निर्माण, रोड लाइट लगाने सहित अन्य विकास कार्यों की मांग रखी।

विधायक उमाशंकर सिंह ने सभी लोगों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जल्द ही संबंधित विभागों को निर्देश देकर समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *