
मीरगंज में मुठभेड़, गो-तस्करी में वांछित बदमाश पैर में गोली लगने से गिरफ्तार
जौनपुर। थाना मीरगंज क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और गो-तस्करी में वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से एक तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के पर्यवेक्षण में थाना मीरगंज पुलिस गोधना बाजार में संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर सेमरी अंडरपास पुलिया के पास घेराबंदी कर ली।
घिरने पर बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान मोनू उर्फ बलवंत बघेल (23) पुत्र अशोक कुमार निवासी ग्राम रामनगर, थाना अखंडनगर, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मोनू उर्फ बलवंत 10 फरवरी को थाना सरायख्वाजा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में शामिल था। उस समय उसके साथी सलमान को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि मोनू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
मौके से 0.315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है। अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से आर्म्स एक्ट, पशु क्रूरता अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
























