
उसावां में घर के ऊपर हाई टेंशन लाइन,महिला ने लगाई डीएम से गुहार
बदायूं। उसावा कस्बे में घर के ऊपर हाई टेंशन लाइन जा रही है साथ ही घर में भी करंट फैल रहा है। बिजली की लाइन हटवाने के लिए महिला ने डीएम से गुहार लगाई है।
जिले की नगर पंचायत उसावां के वार्ड नंबर दो में रहने वाली प्रेमवती पत्नी प्रेमपाल ने जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय से गुहार लगाई है। महिला ने अपने घर के पर से गुजर रही हाई टेंशन बिजली लाइन को हटाने की मांग की है।
प्रेमवती के अनुसार यह बिजली लाइन कई वर्षों से उनके घर की छत के ऊपर से गुजर रही है। उनका कहना है कि इस हाई टेंशन लाइन के कारण पूरे घर में करंट फैल जाता है। जिस ट्यूबवेल के लिए यह लाइन बिछाई गई थी, वह भी कई वर्षों से बंद पड़ा है, लेकिन लाइन अभी भी उनके घर के ऊपर से जा रही है। महिला ने बताया कि इस समस्या का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। कुछ दिन पहले उनकी पुत्रवधू को करंट लग गया था, जिससे उसकी तबीयत अभी भी खराब है। इसके अलावा, जब छोटे बच्चे छत पर खेलने जाते हैं, तो उन्हें भी करंट लगने का डर लगा रहता है, भविष्य में बड़े हादसा होने की आशंका बनी रहती है।
प्रेमवती ने जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय से वीडियो के माध्यम से निवेदन किया है कि वह इस बिजली लाइन को उनके घर की छत से हटवाने की व्यवस्था करें।
























