Sunday, February 15

जौनपुर।बरसठी में दर्दनाक सड़क हादसा: बोलेरो–बाइक की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत, गांव में मातम

बरसठी में दर्दनाक सड़क हादसा: बोलेरो–बाइक की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत, गांव में मातम

जौनपुर/बरसठी। थाना क्षेत्र के गहलाई गांव के पास रविवार की रात करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खुंदनपुर गांव निवासी शेषनारायण पटेल का इकलौता पुत्र आनंद कुमार पटेल (25) किसी कार्य से मड़ियाहूं गया हुआ था। कार्य निपटाकर वह रात में बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह गहलाई गांव के समीप पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही बोलेरो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आनंद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल आनंद को मड़ियाहूं स्थित एक निजी चिकित्सालय ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया गया कि आनंद तीन बहनों का इकलौता भाई था और स्वभाव से मिलनसार व मेहनती युवक था। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *