
70 वर्षीय बुजुर्ग और 9 वर्षीय नन्हा धावक चहेते, द्वाबा मैराथन में बने हीरो
संजीव सिंह बलिया। द्वाबा के मालवीय पूर्व विधायक मैनेजर सिंह की जयंती पर आयोजित 42.195 किमी फुल मैराथन और हाफ मैराथन कई मायनों में खास रही। इसमें देश-प्रदेश के अलावा विदेशी धावकों ने भाग लिया तो जनपद के धावकों ने भी बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। सबसे खास रहे 70 वर्षीय चंद्र भान सिंह और बेलहरी के कक्षा तीन के छात्र कार्तिक राजभर, जिन्होंने 21 किमी हाफ मैराथन पूरी की।कार्यक्रम का शुभारंभ वीर लोरिक स्टेडियम से परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, मंत्री गिरीश चंद्र यादव और जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया। सबसे अधिक उम्र के धावक बलिया के चौरा कथरिया निवासी 70 वर्षीय चंद्र भान सिंह बने, वहीं सबसे कम उम्र के 9 वर्षीय कार्तिक राजभर ने नन्हे-नन्हे कदमों से हाफ मैराथन पूरी कर सबका दिल जीत लिया। जन-जन ने कार्तिक की उड़ान को सलाम किया।मंत्रियों ने दोनों धावकों को अलग से सम्मानित किया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने इन्हें 50-50 हजार रुपये से पुरस्कृत कर हौसला बढ़ाया। यह आयोजन मैनेजर सिंह की जयंती को यादगार बनाने में सफल रहा।

