Monday, February 16

बदायूं के उसावां मंडल में बूथ स्तरीय सम्मेलन से चुनावी रणनीति पर मंथन, संगठन को मजबूत करने पर जोर

बदायूं के उसावां मंडल में बूथ स्तरीय सम्मेलन से चुनावी रणनीति पर मंथन, संगठन को मजबूत करने पर जोर

उसावां/बदायूँ।  जिले के उसावां मंडल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा बूथ स्तरीय कार्यक्रम सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन उसावां नगर स्थित जेडी लॉन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता के लिए क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया उपस्थित हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति के प्रति जागरूक करना रहा।

बूथ और पन्ना प्रमुखों को मजबूत करने पर जोर

मंडल स्तरीय बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में बूथ समितियों और पन्ना प्रमुखों की भूमिका पर विशेष चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि चुनावी जीत की नींव बूथ स्तर पर रखी जाती है, इसलिए हर बूथ पर संगठन की मजबूती जरूरी है। कार्यक्रम में बूथ अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने, मतदाता सूची की समीक्षा करने और नए मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने पन्नों में दर्ज प्रत्येक मतदाता से लगातार संवाद बनाए रखें।

मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाने का आह्वान

सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, कानून व्यवस्था, सड़क, बिजली, पानी, आवास और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने आम आदमी के जीवन में बड़ा बदलाव किया है। इसे जनता तक सही तरीके से पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

नए मतदाताओं को जोड़ने पर जोर दिया

कार्यक्रम में नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवा मतदाता देश और प्रदेश के भविष्य हैं, इसलिए उन्हें भाजपा की विचारधारा और नीतियों से जोड़ना आवश्यक है। इसके साथ ही विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे कथित भ्रम और षड्यंत्रों से जनता को सतर्क करने का भी संदेश दिया गया। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे सोशल मीडिया और जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब दें।

इस अवसर पर उसावां ब्लॉक प्रमुख पति दिनेश कुमार सिंह,

नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह, पूर्व चेयरमैन मुन्ना सिंह, मंडल अध्यक्ष राहुल लोधी, पूर्व मंडल अध्यक्ष ओमप्रताप सिंह, बूथ अध्यक्ष बंगस नगला ठाकुर सुनील कुमार सिंह, बूथ अध्यक्ष भूप सिंह (खुजरा नगला), बूथ अध्यक्ष राजकुमार (दलेलनगर), सेक्टर संयोजक दलवीर सिंह यादव (शिंभू नगला), बूथ अध्यक्ष उर्वेन्द्र, सोनू मिश्रा, आशीष सिंह, आनंद सिंह चौहान, ध्रुव ठाकुर, विनोद कुमार गुप्ता, नारायण गुप्ता, सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *