
अपायल गांव में एमएसडब्ल्यू छात्रों ने लगाया निःशुल्क आयुष्मान कार्ड कैंप, बाल विवाह मुक्त अभियान भी चलाया
संजीव सिंह बलिया।अपायल:अपायल गांव में यूनिवर्सिटी के समाज कार्य (MSW) पाठ्यक्रम के छात्रों द्वारा सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए निःशुल्क आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों का आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें सरकार की स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा गया।
कैंप में सुदामा प्रसाद, नन्हे लाल, शकुंतला गुप्ता, ढूंढा तुरहा, शिवानंद वर्मा, लक्ष्मी देवी, तेतरी देवी, सोमारी देवी, आशिफ अंसारी, रेशमी देवी, विश्वनाथ, भागीरथी देवी, अली हुसैन सहित कई पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। ग्रामीणों ने निःशुल्क कार्ड बनने पर छात्रों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर छात्रों द्वारा बाल विवाह मुक्त अभियान भी चलाया गया। अभियान के तहत ग्रामीणों को बाल विवाह के सामाजिक, शैक्षणिक एवं कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा लोगों को बाल विवाह न करने के लिए जागरूक किया गया। ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा एवं सुरक्षित भविष्य के लिए संकल्प भी दिलाया गया।
इस सामाजिक पहल में एमएसडब्ल्यू छात्र अमर बहादुर सिंह, अविनाश मिश्रा एवं सुशील वर्मा ने प्रमुख भूमिका निभाई। छात्रों ने घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया तथा आयुष्मान कार्ड बनाने की पूरी प्रक्रिया में सहयोग किया।
ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे जनकल्याणकारी शिविरों से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सीधा लाभ मिलता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन से गांव में स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता का सकारात्मक संदेश फैलाया गया।
























