
मकर संक्रांति समरसता सहभोज उत्सव सम्पन्न
रामेश्वर प्रजापति छांगुर
नगरा (बलिया)
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नगरा इकाई की ओर से मकर संक्रांति के पावन पर्व पर सामाजिक समरसता, समन्वय, संतुलन एवं आपसी सौहार्द को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से खिचड़ी सहभोज का भव्य आयोजन मंगलवार को स्थानीय पाण्डेय मैरेज हाल में सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में हिन्दू समाज के सभी वर्गों के सैकड़ों लोगों ने सहभागिता कर सामाजिक एकता और भाईचारे का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी श्री कृपाशंकर बरनवाल जी ने की। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित विभाग प्रचारक श्री अम्बेश जी ने अपने ओजस्वी एवं प्रेरक उद्बोधन में सामाजिक समरसता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की एकता ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पर्व और उत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और संस्कारों को सहेजने का माध्यम हैं। सभी वर्गों का परस्पर सहयोग ही एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।
कार्यक्रम में संघ के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से खण्ड संघचालक श्री बजरंग बली सिंह, श्री प्रेम प्रकाश , श्री बबलू सागर, आलोक शुक्ला, जयप्रकाश जायसवाल, देवनारायण प्रजापति, अरविंद नारायण सिंह, निर्भय प्रकाश, कृष्ण वर्मा, राजू चौहान, राजू सिंह चंदेल, धर्मराज सिंह विक्की, सूर्य प्रताप सिंह, अशोक गुप्ता, समरजीत सिंह, फतेह बहादुर सिंह, संतोष पांडे सुधीर पासवान, गुड्डू पांडे, दीपक मद्धेशिया,सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
सहभोज कार्यक्रम के अंतर्गत सभी लोगों ने एक साथ बैठकर खिचड़ी प्रसाद ग्रहण किया, जिससे सामाजिक भेदभाव समाप्त कर समानता और आपसी सौहार्द का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत हुआ। इस अवसर पर गायक राहुल ठाकुर द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया और उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, सामाजिक एकता एवं समरस समाज के निर्माण के संकल्प के साथ किया गया। आयोजकों ने कार्यक्रम में सहभागी सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज को जोड़ने का संकल्प दोहराया।
























