
शाहगंज में पुलिस–SOG टीम व बदमाशों में मुठभेड़, एक घायल, एक गिरफ्तार; घोषित अपराधी फरार
जौनपुर। रविवार देर रात शाहगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत चिरैया मोड़ से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चेकिंग के दौरान पुलिस तथा SOG टीम की बदमाशों से आमने-सामने मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लग गई, जबकि एक अन्य बदमाश को असलहे सहित गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं मौके का फायदा उठाकर एक इनामी बदमाश फरार होने में सफल रहा।
सूत्रों के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान बदमाश इस्तेखार पुत्र मुस्ताक निवासी माहुल, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ उम्र लगभग 35 वर्ष के दाहिने कंधे पर गोली लगी। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल भेज दिया। वहीं दूसरा बदमाश जय सिंह पुत्र गुड्डू लोना निवासी निजामपुर, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ उम्र करीब 28 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से असलहा भी बरामद किया गया है।
पुलिस टीम जब बदमाशों के कब्जे वाली पिकअप वाहन की तलाशी ली तो उसमें से 04 गौवंश जीवित तथा 02 गौवंश मृत अवस्था में बरामद किए गए, जिससे गौ-तस्करी की बड़ी गतिविधि का खुलासा हुआ। इस दौरान मौके से एक पुरस्कार घोषित अपराधी विशाल यादव पुत्र अनिल यादव निवासी आजमगढ़ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमों को लगाया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी शाहगंज श्री अजीत सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस की सतर्कता से बड़ी वारदात टल गई। गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और पूरे प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।
























