जौनपुर में लाठी व ईंट से हमला, घायल अधेड़ की उपचार के दौरान मौत
जौनपुर। जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र के माधव पट्टी गांव में डंडे और ईंट से हमला कर एक अधेड़ को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार माधव पट्टी गांव निवासी गुरु प्रसाद यादव (45) पुत्र मेवालाल यादव बुधवार लगभग 11 बजे कजगाव बाजार में बैठे थे। इसी दौरान साथ बैठे लोगों ने उन्हें शराब पिलाई और अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर माधव पट्टी स्थित रेलवे फाटक के पास ले गए, जहां उन पर लाठी और ईंट से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले गए। जहां इलाज के करीब आधे घंटे बाद उनकी मौत हो गई। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक करीब एक वर्ष पूर्व पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था और हाल ही में 5 तारीख को उसी मामले में तारीख भी पड़ी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विश्वनाथ प्रसाद सिंह सहित भारी पुलिस बल अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गया। पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
























