बदलापुर पुलिस ने हत्या का किया खुलासा, तीन गिरफ्तार
नाजायज पिस्टल और कारतूस बरामद
जौनपुर/बदलापुर। बदलापुर थाना पुलिस ने ग्राम बबुरा में हुई हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से एक नाजायज पिस्टल .32 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
गौरतलब है कि 30 दिसम्बर 2025 को बबुरा गांव के निवासी स्वाधीन सिंह उर्फ छोटू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में थाना बदलापुर पर मुकदमा अपराध संख्या 528/25 धारा 103(1), 3(5), 62 BNS तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। हत्या के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर चार टीमें बनाई गई थीं।
पुलिस की लगातार जांच, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर घटना में शामिल आरोपितों के नाम सामने आए। इनमें आलोक मिश्रा, कृष्णा सिंह और रत्नेश गौतम शामिल हैं। मुखबिर की सूचना पर बुधवार को पुलिस ने वन पार्क बहरा–सिगरामऊ रोड से इन्हें दोपहर लगभग 12:45 बजे गिरफ्तार कर लिया। आलोक मिश्रा के पास से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद हुई।
पूछताछ में सामने आया कि पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के कारण हत्या की योजना बनाई गई थी। पुलिस के अनुसार घटना में अन्य नामजद लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है। साक्ष्य मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला, निरीक्षक मुन्ना राम, कांस्टेबल अरविन्द प्रजापति और कांस्टेबल सम्राट गौड़ शामिल रहे।
























