Monday, February 16

जौनपुर।खुटहन में सीएससी संचालक की हत्या, सिर पर धारदार हथियार से हमला।

खुटहन में सीएससी संचालक की हत्या, सिर पर धारदार हथियार से हमला।

जौनपुर। जनपद के थाना खुटहन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पनौली में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव की सड़क पर ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी) चलाने वाले फूलचन्द उर्फ सेवाराम पासवान (उम्र लगभग 60 वर्ष) पर अज्ञात हमलावरों ने किसी धारदार हथियार से सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की जेब से 1 लाख 68 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने 05 टीमों का गठन किया है, जो विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, आपसी रंजिश और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक नगर जौनपुर श्री आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि घटना गंभीर है और जल्द ही इसका अनावरण किया जाएगा। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *