बढ़ती ठंड और शीतलहर के बीच अलाव-रैन बसेरों की मजबूत व्यवस्था की मांग सुशील कुमार पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने जिला प्रशासन से असहायों को जमीनी राहत देने की पुरजोर अपील की।
संजीव सिंह बलिया। जनपद में कड़ाके की ठंड और पछुआ हवाओं से तापमान लगातार गिर रहा है। इस पर चिंता जताते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के उपाध्यक्ष व प्रवक्ता सुशील कुमार पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने जिला प्रशासन से सड़क पर जीवन यापन करने वाले निर्धन लोगों के लिए तत्काल राहत की मांग की है। उन्होंने कहा कि मीडिया में खबरें छापने से काम नहीं चलेगा, जरूरतमंदों तक व्यवस्था पहुंचनी चाहिए।कान्हजी ने चेतावनी दी कि वर्तमान भीषण ठंड जानलेवा साबित हो सकती है। मानवता के नाते और शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने शहर, तहसील व ब्लॉक स्तर के प्रमुख चौराहों, बस स्टेशनों, रेलवे स्टेशन व अस्पतालों के बाहर पर्याप्त अलाव जलाने की मांग की।रैन बसेरों में सुविधाओं का खास जोर
सपा नेता ने सभी रैन बसेरों को सक्रिय करने और सुव्यवस्थित करने की अपील की। वहां केवल बिस्तर ही नहीं, बल्कि कंबल, साफ-सफाई व रात्रि में गरम भोजन-पेयजल की व्यवस्था होनी चाहिए। प्रशासन व स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से फुटपाथ पर सोने वालों व निर्धन परिवारों में युद्ध स्तर पर कंबल वितरण शुरू किया जाए।
कान्हजी ने कहा, “बलिया की धरती सेवा व समर्पण की प्रतीक रही है। इस ठंड में कोई गरीब खुले आसमान तले न सोए, यह हम सबकी जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन संवेदनशील बने और राहत कार्य जमीन पर उतारे।”
उन्होंने नगर निकायों व ग्राम पंचायतों से भी अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाएं ताकि राहगीरों व मजदूरों को राहत मिले।
























