शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
शाहजहांपुर। योगेंद्र यादव
स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज में शहीद दिवस के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें शाहजहांपुर के अमर शहीदों पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां एवं ठाकुर रोशन सिंह को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक प्रो प्रभात शुक्ला ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता में तीनों अमर शहीदों का योगदान ऐसा है जिसको कभी भी विस्मृत नहीं किया जा सकता। ऐसे ही त्याग एवं समर्पण की भावना प्रत्येक भारतीय को राष्ट्र के प्रति रखनी होगी तभी हम उसकी प्रगति में सकारात्मक योगदान दे पाएंगे। प्रो आलोक मिश्र ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र का रूप देने के लिए जन जन को समर्पण के उसी स्तर से कार्य करना होगा जिस समर्पण से हमारे क्रांतिकारियों ने देश को स्वतंत्र कराया था। प्रो आदित्य कुमार सिंह ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की महत्वपूर्ण घटनाओं का स्मरण करते हुए तीनों शहीदों के जीवनवृत्त पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्रो मीना शर्मा, प्रो देवेंद्र सिंह, डॉ मृदुल पटेल, डॉ संदीप अवस्थी, डॉ दुर्गविजय, डॉ प्रतिभा सक्सेना, डॉ अमित गंगवार, डॉ नमिता शुक्ला, चंद्रभान त्रिपाठी सहित कॉलेज के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
























