पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई में तीन चोर और तीन मनचले गिरफ्तार, वाहन और जेवरात बरामद।
जौनपुर।पुलिस ने शनिवार को दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र से चोरी करने वाले तीन अभियुक्तों को पकड़ा गया, जबकि खेतासराय थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान के तहत तीन मनचलों को गिरफ्तार किया गया।
गौराबादशाहपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मैरादखान नयनसंड पुलिया के पास से चोरी में वांछित तीन लोगों अभिमन्यु, राजेश कुमार और जयप्रकाश सोनी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से एक चार पहिया वाहन (वैन्यू), करीब 21 ग्राम सफेद धातु और 21 ग्राम से ज्यादा पीली धातु बरामद की। पुलिस ने तीनों को थाने लाकर कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद अदालत में पेश किया। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक मंशा राम गुप्ता और उनकी टीम शामिल रही।
वहीं, खेतासराय थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन मनचलों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों के नाम हैं — शुभमू प्रजापति, अकरम और मनीष प्रजापति। पुलिस ने इन पर बीएनएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर न्यायालय में चालान किया।
दोनों थानों की पुलिस टीमों की इस तत्परता और सक्रियता की पुलिस अधीक्षक जौनपुर ने सराहना की और कहा कि जिले में अपराध और महिला उत्पीड़न के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

