सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गागंज में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य कैंप का आयोजन।
शरद बिंद/भदोही
भदोही,दुर्गागंज। अभोली ब्लॉक के भानी पुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुर्गागंज में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत महिलाओं के लिए एक विशेष स्वास्थ्य कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख प्रियंका बिंद ने फीता काटकर किया, जिसका नेतृत्व सीएचसी अधीक्षक डॉ. शुभंकर श्रीवास्तव ने किया। कैंप का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देकर उन्हें सशक्त बनाना और स्वस्थ परिवार के माध्यम से देश को मजबूत करना है।
जिला मलेरिया अधिकारी राम आसरे पाल ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा, “महिलाएं सुरक्षित रहेंगी, तो परिवार सुरक्षित रहेगा, और परिवार सुरक्षित रहेगा, तो गांव और देश सुरक्षित रहेगा।” महिलाएं अक्सर अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज कर देती हैं, जिसके कारण यह विशेष कैंप आयोजित किया गया। कैंप में जिले के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने महिलाओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की और उन्हें दवाइयां वितरित कीं। साथ ही, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए उपयोगी सुझाव भी दिए गए।
इस अवसर पर डॉ. विवेक सिंह (सर्जन), डॉ. राहुल दुबे (सर्जन), डॉ. सुरेंद्र कुमार, डॉ. शरद कुमार, डॉ. आशीष चतुर्वेदी, डॉ. आरती बिंद, अजीत कुमार, मुकेश बिंद, अनिल शर्मा, विजय कुमार , संतरा देवी,सहित सीएचसी का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कैंप में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और इस पहल की सराहना की। यह आयोजन न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में सहायक रहा, बल्कि जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

