
भदोही/दुर्गागंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुड़िया ने दी जुड़वां बेटियों को जन्म।
शरद बिंद/भदोही।
दुर्गागंज।अभोली ब्लॉक के कनकपुर निवासी गुड़िया बिंद (26 वर्ष), पत्नी सुनील कुमार, ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुर्गागंज में जुड़वां बेटियों को जन्म दिया। गुड़िया का उपचार एचआरपी डे के तहत चल रहा था, और सामान्य प्रसव सीएचसी अधीक्षक डॉ. शुभंकर श्रीवास्तव के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस प्रक्रिया में एएनएम बिंदु पाल, तारामती, और कावेरी सिंह के संयुक्त प्रयास और देखरेख ने अहम भूमिका निभाई।
डॉ. शुभंकर श्रीवास्तव ने प्रसव कराने वाली स्टाफ की सराहना की और कहा कि गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की देखभाल में इसी तरह की तत्परता और सावधानी बरती जानी चाहिए ताकि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ रहें। उन्होंने स्टाफ को निर्देश दिए कि भविष्य में भी इसी तरह की गुणवत्तापूर्ण सेवा प्रदान की जाए, जिससे मां और बच्चे को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
यह सफल प्रसव सीएचसी दुर्गागंज की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को दर्शाता है। स्थानीय निवासियों ने भी अस्पताल के प्रयासों की प्रशंसा की और इसे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के बेहतर होने का संकेत बताया। गुड़िया और उनकी दोनों बेटियां स्वस्थ हैं, और परिवार में खुशी का माहौल है। सीएचसी की टीम ने इस उपलब्धि को सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
























