
दहेज हत्या के आरोप में चन्दवक पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार।
जौनपुर। थाना चन्दवक पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दहेज हत्या के गंभीर आरोप में वांछित चल रहे तीन आरोपियों को पुलिस टीम ने सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी चन्दवक-गाजीपुर मुख्य मार्ग से सुबह करीब 6:25 बजे की गई।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 29 जुलाई 2025 को एक युवती को दहेज कम देने के कारण प्रताड़ित करने व जान से मारने के मामले में उसके परिजनों द्वारा थाना चन्दवक में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। उक्त मामले में मुकदमा संख्या 240/2025 धारा 85/80 (2) बीएनएस व 3/4 डीपी एक्ट के तहत ससुर, सास, जेठ, जेठानी, देवर व पति के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में पुवासू राजभर पुत्र स्व. वैजू राजभर, उनकी पत्नी मिंता देवी व पुत्र गनेश राजभर शामिल हैं, जो सभी ग्राम मड़ार, थाना चन्दवक, जनपद जौनपुर के निवासी हैं। तीनों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 नमोनारायण तिवारी, उ0नि0 संजय चौबे, हे0का0 विजय सिंह, हे0का0 सुनील कुमार यादव, का0 सूर्यप्रकाश और म0का0 अन्तिम शर्मा शामिल रहे। पुलिस टीम की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की भी तलाश तेजी से जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

