Tuesday, February 17

जौनपुर।आकांक्षा हाट एवं सम्पूर्णता अभियान का भव्य शुभारंभ, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान

आकांक्षा हाट एवं सम्पूर्णता अभियान का भव्य शुभारंभ, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान

जौनपुर।कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में आज आकांक्षा हाट एवं सम्पूर्णता अभियान के सम्मान समारोह का शुभारंभ मा. विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर. के. पटेल ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलन कर किया। यह कार्यक्रम 28 जुलाई से 2 अगस्त 2025 तक आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में बोलते हुए  विधायक डॉ. आर. के. पटेल ने कहा कि आकांक्षात्मक ब्लॉक रामपुर में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तीव्र गति से प्रगति हो रही है, जिसका श्रेय जिलाधिकारी के कुशल निर्देशन को जाता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल रामपुर में निर्माणाधीन है, जिससे शैक्षिक गुणवत्ता इतनी मजबूत होगी कि प्राइवेट स्कूलों को भी प्रतिस्पर्धा करनी मुश्किल होगी। साथ ही, क्षेत्र में सड़क निर्माण, बिजली की व्यवस्था हेतु दो नए सब-स्टेशन और बसुई नदी पर चेकडैम निर्माण की भी जानकारी दी।

विधायक ने बताया कि नीति आयोग के आकांक्षात्मक विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के रामपुर/मछलीशहर ब्लॉक को चयनित किया गया है। जुलाई से सितम्बर 2024 तक चले सम्पूर्णता अभियान के अंतर्गत जिले के 42 आकांक्षात्मक ब्लॉकों में से 3 अथवा अधिक इंडिकेटर्स को 3 ब्लॉकों में और 2 या उससे कम इंडिकेटर्स को 25 ब्लॉकों में संतृप्त किया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियां तेजी से ग्रामीण क्षेत्र में फैल रही हैं, जिनसे बचाव के लिए जीवनशैली में बदलाव और हरी सब्जियों का सेवन आवश्यक है। ICDS के तहत नियमित राशन वितरण, कृषि विभाग द्वारा मिट्टी परीक्षण और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर बल दिया गया। साथ ही, महिलाओं और युवाओं को वित्तीय समावेशन के माध्यम से रोजगार से जोड़ने हेतु लोन दिलाने की बात कही।

समारोह के दौरान रामपुर और मछलीशहर के खंड विकास अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही,  विधायक ने विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी और स्टॉलों का अवलोकन किया। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए विनोद, जिन्होंने इस वर्ष 50 नए नामांकन कराए, चिकित्सा क्षेत्र में रेखा यादव, जिन्होंने एक वर्ष में 104 सफल डिलीवरी कराई, और स्वयं सहायता समूह में उत्कृष्ट योगदान के लिए रेनू देवी को पुष्पगुच्छ एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यशाला की सफलता पर सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए विधायक जी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से न केवल योजनाओं की जानकारी बढ़ती है, बल्कि जनता को प्रेरणा भी मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *