Sunday, February 15

रांची।लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, किसान खुशहाल… धान की रोपाई ने पकड़ी रफ्तार।

लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, किसान खुशहाल— धान की रोपाई ने पकड़ी रफ्तार।

विनीत कुमार,रांची।

 झारखंड में पिछले एक माह से लगातार हो रही बारिश ने जहां आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है, वहीं किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है। लगातार वर्षा से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे किसान पूरी तन्मयता से धान की रोपाई में जुट गए हैं। बरसात की शुरुआत होते ही किसानों ने बिचड़ा डालने का कार्य आरंभ कर दिया था और अब खेतों में धान की रोपाई जोरों पर है। ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक गीत-संगीत और लोक संस्कृति के रंग में किसान डूबे नजर आ रहे हैं। महिलाएं खेतों में लोक गीत गाते हुए धान की पौध लगाती दिख रही हैं, जिससे चारों ओर उत्सव जैसा माहौल बन गया है।किसानों का कहना है कि इस बार समय पर बारिश होने से खेती की स्थिति बेहतर है और फसल का उत्पादन अच्छा होने की उम्मीद है। गांवों में सुबह से शाम तक रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है। किसान पूरी मेहनत और उत्साह के साथ खेतों में पसीना बहा रहे हैं ताकि इस साल धान की अच्छी पैदावार हो सके।

हालांकि बारिश के कारण शहरी इलाकों में जलजमाव और आवागमन में परेशानी बनी हुई है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में यह बारिश खुशहाली की उम्मीद लेकर आई है। कृषि विभाग के अधिकारी भी किसानों की मदद के लिए फील्ड में सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *