
यमुनोत्री भूस्खलन,एक बच्ची की मौत,यात्रियों के दबने की आशंका
(आशुतोष शर्मा) उत्तरकाशी
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री धाम जाने वाले पैदल मार्ग पर हुए हादसे में अब तक की जानकारी के अनुसार मलबे से एक बच्ची का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि एक अन्य घायल यात्री को मलबे से निकालकर पीएचसी जानकीचट्टी भेजा गया है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
उत्तरकाशी जिला सूचना अधिकारी के अनुसार हादसे के वक्त क्षेत्र में बारिश नहीं हो रही थी, इसके बावजूद पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया। इससे यमुनोत्री की ओर जा रहे तीर्थयात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मलबे की चपेट में कुछ यात्रियों के दबे होने की आशंका है। राहत-बचाव कार्य में एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम जुटी हुई है।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस ने नौ कैंची बैंड के पास पैदल आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी है। यमुनोत्री की ओर फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालने का काम तेजी से किया जा रहा है। घटनास्थल पर मौजूद जानकीचट्टी चौकी प्रभारी गंभीर सिंह तोमर ने बताया कि मलबा हटाने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कितने लोग इसकी चपेट में आए हैं।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने एक यात्री को मलबे से घायल अवस्था में निकालकर पीएचसी जानकीचट्टी में भर्ती कराया है। चिकित्सक डॉ. हरदेव सिंह पंवार ने बताया कि घायल यात्री की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। अन्य दो यात्रियों को भी इलाज के लिए लाया जा रहा है।
























