Monday, February 16

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, ढहा मकान, एक ही परिवार के चार की मौत

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, ढहा मकान, एक ही परिवार के चार की मौत

(आशुतोष शर्मा)उत्तरकाशी। जनपद की मोरी तहसील अंतर्गत राजस्व ग्राम ओडाटा के मोरा तोक की गुजर बस्ती में एक अत्यंत हृदयविदारक हादसा हो गया। गुलाम हुसैन के कच्चे मकान की दीवार भारी बारिश के चलते अचानक ढह गई। उस समय पूरा परिवार मकान के अंदर सो रहा था।

दीवार गिरने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन जब तक राहत शुरू होती, तब तक गुलाम हुसैन (उम्र 26 वर्ष), पत्नी रुकमा खातून (उम्र 23 वर्ष), बेटा आबिद (उम्र 3 वर्ष) और 10 माह की बेटी सलमा की मलबे में दबकर मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन सक्रिय हुआ। तहसीलदार मोरी, राजस्व उप निरीक्षक, SDRF की रेस्क्यू टीम और स्थानीय पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। रात्रि में ही राहत और बचाव कार्य चलाया गया।

प्रशासन की ओर से प्रारंभिक सहायता प्रदान करने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश के चलते क्षेत्र में कई कच्चे मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। प्रभावित परिवार बेहद गरीब था और उनके पास पक्का मकान नहीं था।

हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। आसपास के लोग मृतकों के परिजनों को सांत्वना देने में लगे हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता और सुरक्षित आवास मुहैया कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *