
सेवानिवृत्त अस्पतालकर्मी के बंद घर में लाखों की चोरी
मांडर थाना क्षेत्र में एक बार फिर चोरी की बड़ी वारदात, इलाके में दहशत का माहौल
विनीत कुमार ।रांची ,झारखंड। रांची जिला अंतर्गत मांडर थाना क्षेत्र के चीलटोली मोहल्ले में बीती रात चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के आभूषण एवं अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब घर के मालिक, सेवानिवृत्त अस्पतालकर्मी हरदेव प्रसाद अपने परिवार सहित अन्यत्र गए हुए थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार चीलटोली स्थित दार अल अरकम स्कूल के पीछे हरदेव प्रसाद का आवास है। वे कुछ दिनों के लिए अपने परिजनों के साथ बाहर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर पूरे मकान को खंगाल डाला। चोरों ने नगदी समेत लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और अन्य सामान चोरी कर लिया।घटना की जानकारी तब हुई जब पड़ोसियों ने देखा कि ताला टूटा हुआ है। उन्होंने देखा कि घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ है और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। पुलिस को इसकी सूचना दी गई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक चोरी गए सामान का सटीक आंकलन नहीं हो सका है, परिजनों के पहुंचने के बाद ही सही पता चल पाएगा। लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी की कुल राशि लाखों में बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी इसी मोहल्ले में एक पत्रकार के घर में भी चोरी की घटना घट चुकी है। जिसकी रिपोर्ट पुलिस में दर्ज होने के बावजूद छह महीने बीत जाने के बाद भी कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। इससे क्षेत्रवासियों में पुलिस प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी देखी जा रही है। इलाके के लोगों ने मांग की है कि गश्त व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए और बीती घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।

