
एक्सीलेंट पब्लिक स्कूल में योग जागरूकता शिविर, 500 बच्चों ने लिया भाग।
विनीत कुमार (झारखंड )रांची।आनंद मार्ग प्रचारक संघ के तत्वावधान में एक्सीलेंट पब्लिक स्कूल, सिमलिया में मंगलवार को एक दिवसीय योग जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 500 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य प्रशिक्षिका, रांची की प्रख्यात स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर आचार्या करुणा शाहदेव ने योग के वैज्ञानिक पक्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “संयोगो योगो इत्युक्तो जीवात्मा परमात्मन:” अर्थात योग जीवात्मा और परमात्मा के संयोग की प्रक्रिया है। उन्होंने योगासन के माध्यम से शारीरिक ग्रंथियों के संतुलित स्राव और मानसिक शुद्धता पर जोर दिया। डॉ. शाहदेव ने बताया कि केवल सात्विक आहार और नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर बल्कि मन भी स्वस्थ रहता है, और यही स्वस्थ मनुष्य को परम पद की ओर अग्रसर करता है। शिविर के मुख्य आयोजक प्रो. मनोज कुमार ने भगवान शिव द्वारा प्रतिपादित तांडव नृत्य का प्रदर्शन कर छात्रों को प्रशिक्षित किया। वहीं मृदुला दीदी ने कौशिकी नृत्य और विभिन्न योगासनों का सजीव प्रदर्शन कर बच्चों को उसका प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम के अंत में आनंद मार्ग प्रचारक संघ के भुक्ति प्रधान विजय कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया। स्कूल की प्राचार्या शोभा देवी, निदेशक कार्लिक , सच्चिदानंद और दयानन्द ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

