
भाजपा का 45वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया, संगठन और जनसेवा पर जोर।
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी का 45वां स्थापना दिवस शनिवार को सीहीपुर स्थित कार्यालय पर ध्वजारोहण के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। इसके बाद जौनपुर व मछलीशहर इकाइयों की संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित हुई, जिसे जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह और अजय सिंह ने संबोधित किया।
पुष्पराज सिंह ने बताया कि भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है, जिसकी नींव 6 अप्रैल 1980 को रखी गई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी में सामान्य पृष्ठभूमि से आए कार्यकर्ता भी शीर्ष पदों तक पहुंचते हैं, यही इसकी विशेषता है। उन्होंने योगी सरकार की उपलब्धियों जैसे राम मंदिर निर्माण, मेडिकल कॉलेज स्थापना, तीर्थ विकास परिषदों और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का भी उल्लेख किया।
अजय सिंह ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसा दल है जो नियमित प्रशिक्षण और हर वर्ग को प्रतिनिधित्व देता है। उन्होंने बताया कि भाजपा हर बूथ पर 17 सदस्यीय समिति बनाकर संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत कर रही है। योजनाओं के जरिए पार्टी सीधे आमजन से जुड़ी है।
दोनों नेताओं ने माघ मेले और कोविड काल में कार्यकर्ताओं की सेवा भावना को पार्टी की विशेष पहचान बताया। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे और स्थापना दिवस को गरिमापूर्ण तरीके से मनाया गया।

