
शिक्षक, कर्मचारियों ने यूपीएस, एनपीएस के विरोध में किया प्रदर्शन।
कर्मचारियों ने जलायी प्रतियां, यूपीएस-एनपीएस गो बैक के नारे लगाए
बलिया।नगरा: पुरानी पेंशन बहाली को लेकर एक बार फिर जनपद में शिक्षक व कर्मचारियों ने आक्रोश व्यक्त किया है। मंगलवार को जनपद के शिक्षक कर्मचारियों ने जबरदस्ती थोपने वाली एनपीएस एवं यूपीएस पेंशन स्कीम को लेकर आक्रोश व्यक्त किया। अटेवा, एनएमओपीएस के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर शिक्षक कर्मचारियों ने अपने अपने कार्य स्थल पर एनपीएस और यूपीएस बॉयकॉट और मुर्दाबाद लिखकर उसकी प्रतियां जलाईं और पुरानी पेंशन बहाली की मांग की। राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बन्धु के आह्वान पर जनपद में सभी संगठनों एवं समस्त विभागों में मंगलवार को यूपीएस का विरोध किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, उप्र पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ, रेलवे, ग्राम पंचायत अधिकारी संघ, लेखपाल संघ ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग की और यूपीएस व एनपीएस के विरोध में प्रदर्शन कर नारेबाजी की! नगरा ब्लॉक में शिक्षकों और कर्मचारियों ने यूपीएस /एनपीएस का किया पुरजोर विरोध नगरा ब्लॉक में कार्यरत बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के साथ ही अन्य विभागों में कार्यरत शिक्षक तथा कर्मचारियों ने विजय बंधु जी के आह्वान पर एक मुहिम के तहत एनपीएस /यूपीएस मुर्दाबाद के नारों के साथ कागज और तख्तियों बैनर पर यूपीएस /एनपीएस मुर्दाबाद लिखकर उसे जलाकर प्रतीकात्मक रूप से विरोध करते हुए शासन से मांग की हैं कि हमे ओल्ड पेंशन के अलावा कोई अन्य पेंशन स्कीम मान्य नहीं है । बताते चले कि इस मुहिम के तहत नगरा ब्लॉक के लगभग सैकड़ों विद्यालय तथा अन्य विभागों के कार्य स्थलों से हजारों के तादात में शिक्षकों और कर्मचारियों ने अपना विरोध प्रदर्शन करते हुए पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने की मांग रखी है । इन कर्मचारियों का कहना हैं कि सबको समान रूप से पेंशन पाने का अधिकार है । नगरा ब्लॉक इकाई के अटेवा अध्यक्ष राकेश सिंह का कहना है कि जीवन भर विभाग में सेवा करने के पश्चात भी पुरानी पेंशन न मिलने की स्थिति में कर्मचारियों के सेवानिवृति के बाद बहुत ही दयनीय स्थिति हो जाएगी ।
ये पेंशन ही इन कर्मचारियों के बुढ़ापे की लाठी हैं इसलिए पुरानी पेंशन बहाल की जानी चाहिए अन्यथा की स्थिति में संघर्ष अनवरत जारी रहेगा । जिलाध्यक्ष अटेवा समीर कुमार पांडेय ने प्रदर्शन सफल बनाने के लिए सभी पेंशनविहीनों का आभार व्यक्त किया और राजधानी लखनऊ में होने वाले प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की। इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में आंदोलन की भी घोषणा की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान काफी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी मौजूद रहे।
























