पुलिस स्मृति दिवस के तहत बदायूं पुलिस लाइन में मैराथन प्रतियोगिता, प्रशिक्षु आरक्षियों ने दिखाया दमखम
शोएब और हारिश ने संयुक्त रूप से हासिल किया प्रथम स्थान, हरिओम कुमार द्वितीय व शिवम तृतीय स्थान पर रहे
सत्य रथ | बदायूं
पुलिस स्मृति दिवस एवं राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं में मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया के पर्यवेक्षण में आयोजित प्रतियोगिता को सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिंद जाधव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मैराथन प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और टीम भावना को प्रोत्साहित करना रहा। इसके साथ ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से कर्तव्यपालन के दौरान देश की सुरक्षा एवं सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के त्याग और समर्पण को भी याद किया गया।
प्रतियोगिता में इन प्रशिक्षु आरक्षियों ने मारी बाजी
मैराथन में आरटीसी के प्रशिक्षु आरक्षी शोएब और हारिश ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रशिक्षु आरक्षी हरिओम कुमार ने द्वितीय तथा प्रशिक्षु आरक्षी शिवम ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी शारीरिक क्षमता और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक इंद्रजीत सिंह, प्रभारी निरीक्षक आरटीसी राजेंद्र सिंह पुंडीर, उपनिरीक्षक यातायात रामसेवक राठौर, उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस दीनानाथ मौर्य सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
























