बदायूँ।शरद पूर्णिमा और गंगा स्नान पर बदायूं में यातायात डायवर्जन लागू, 24 घंटे बदले रहेंगे वाहन मार्ग

शरद पूर्णिमा और गंगा स्नान पर बदायूं में यातायात डायवर्जन लागू, 24 घंटे बदले रहेंगे वाहन मार्ग

कछला और अटैना घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर पुलिस ने जारी किया रूट डायवर्जन प्लान, 24 अक्टूबर रात आठ बजे से 25 अक्टूबर रात आठ बजे तक रहेगा प्रभावी

सत्य रथ।बदायूं

शरद पूर्णिमा एवं गंगा स्नान पर्व के अवसर पर कछला गंगा घाट और अटैना घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बदायूं पुलिस ने यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यह डायवर्जन 24 अक्टूबर की रात आठ बजे से 25 अक्टूबर की रात आठ बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान विभिन्न मार्गों से आने-जाने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक रास्तों से गुजरना होगा।
इन मार्गों से गुजरेंगे वाहन
हाथरस, अलीगढ़, मथुरा और राजस्थान जाने वाले वाहन: बदायूं से इन स्थानों की ओर जाने वाले हल्के, मध्यम और भारी वाहन उझानी बाईपास से मुजरिया, सहसवान, जरीफनगर, गुन्नौर, बबराला और अलीगढ़ होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगे।
कासगंज, एटा और आगरा जाने वाले वाहन: इन शहरों की ओर जाने वाले वाहन नौशेरा तिराहा, थाना सिविल लाइन से कादरचौक और जनपद कासगंज के गंजडुंडवारा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
मुजरिया और सहसवान से कछला जाने पर रोक
पुलिस की ओर से जारी यातायात योजना के अनुसार, मुजरिया चौराहे से कछला होते हुए कासगंज की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। इसी तरह सहसवान के कछला रोड से कछला होते हुए कासगंज जाने वाले वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा।
प्रमुख स्थानों पर तैनात रहेगी पुलिस
यातायात डायवर्जन को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए नौशेरा तिराहा और राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहे पर थाना सिविल लाइन पुलिस के साथ यातायात पुलिस तैनात रहेगी। उझानी बड़े बाईपास पर उझानी पुलिस और यातायात पुलिस, मुजरिया चौराहे पर मुजरिया पुलिस तथा सहसवान के कछला रोड पर सहसवान पुलिस यातायात व्यवस्था संभालेगी।
गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत
बदायूं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित डायवर्जन प्लान गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं पर लागू नहीं होगा। पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें, निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *