लखनऊ की पांचों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस, 450 शिकायतें प्राप्त, 64 का मौके पर निस्तारण
शेष शिकायतों को समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया
सत्य रथ।लखनऊ
जनपद लखनऊ की पांचों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 450 शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 64 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील सदर में 36 शिकायतों में से 3 का निस्तारण किया गया। तहसील मलिहाबाद में प्राप्त 152 शिकायतों में से 22, बीकेटी तहसील में 91 में से 15, मोहनलालगंज तहसील में 85 में से 21 तथा सरोजनीनगर तहसील में 86 में से 3 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
राजस्व से संबंधित सबसे अधिक 226 शिकायतें
संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त 450 प्रार्थना पत्रों में राजस्व विभाग से संबंधित 226 शिकायतें शामिल रहीं। पुलिस विभाग से संबंधित 74, राजस्व एवं पुलिस के संयुक्त 4, विकास विभाग के 38, शिक्षा विभाग के 3, समाज कल्याण विभाग के 10, नगर निगम के 5 तथा अन्य विभागों से संबंधित 90 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। स्वास्थ्य विभाग से संबंधित कोई प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ।
संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। मौके पर निस्तारित नहीं हो सकीं शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर उनके निस्तारण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
























