मिशन शक्ति 6.0: पारिवारिक विवादों के निस्तारण पर परिजनों को किया सम्मानित, लिया फीडबैक
बदायूं में महिला सुरक्षा और स्वावलंबन को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर साइबर अपराधों से बचाव के बताए तरीके
बदायूं। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद बदायूं में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में मिशन शक्ति केंद्रों की टीमों ने पारिवारिक प्रकरणों का सफलतापूर्वक निस्तारण होने के बाद संबंधित अभिभावकों एवं परिजनों को बुलाकर सम्मानित किया और उनसे फीडबैक भी लिया।
पुलिस के अनुसार, थाना कादरचौक, फैजगंज बेहटा, बिनावर, कुंवरगांव और उघैती में नियुक्त मिशन शक्ति टीमों ने निस्तारित पारिवारिक मामलों से जुड़े परिजनों के साथ संवाद किया। इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया के संबंध में लोगों का अनुभव जानना और महिला सुरक्षा के प्रति विश्वास को मजबूत करना रहा।
महिलाओं को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाया। महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना, वन स्टॉप सेंटर, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में बताया गया।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया।
हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक
अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। पुलिस टीमों ने पंपलेट वितरित कर महिला सुरक्षा एवं सहायता सेवाओं के बारे में जागरूक किया।
प्रमुख हेल्पलाइन नंबर इस प्रकार हैं—
1090: वीमेन पावर लाइन
112: पुलिस आपातकालीन सेवा
1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
102: स्वास्थ्य सेवा
108: एंबुलेंस सेवा
181: महिला हेल्पलाइन
1930: साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन
पुलिसकर्मियों ने मोबाइल पर पैनिक बटन और आपातकालीन सहायता सेवाओं के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं समय रहते मदद प्राप्त कर सकें।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय
मिशन शक्ति अभियान के तहत साइबर जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस टीमों ने लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।
पुलिस ने अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते का विवरण, एटीएम या कार्ड का पिन, ओटीपी और सीवीवी नंबर साझा न करें। किसी अनजान कॉल या संदेश पर भरोसा करके अपनी बैंकिंग संबंधी जानकारी न दें और साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस का उद्देश्य मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा समाज में सुरक्षित वातावरण तैयार करने के लिए जनसहभागिता बढ़ाना है।

