धरने के तीसरे दिन भी नहीं पहुंचे अधिकारी, किसानों ने किया सड़क जाम का ऐलान।
शरद बिंद
दुर्गागंज,भदोही। अभोली ब्लॉक के हरिकरनपुर स्थित सदलूबीर में भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन के जिला कार्यालय पर विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। धरनास्थल पर कोई सक्षम अधिकारी नहीं पहुंचने से नाराज किसानों ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। अनशन कर रहे संगठन के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक राम इकबाल तिवारी ने कहा कि तीन दिन बीत जाने के बाद भी किसानों की समस्याएं सुनने के लिए कोई सक्षम अधिकारी नहीं पहुंचा है। इससे किसानों और संगठन के पदाधिकारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
उन्होंने कहा कि किसान अपनी समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं, लेकिन संबंधित विभागों के अधिकारी उनकी सुध नहीं ले रहे हैं। अब संगठन के लोगों के सब्र का बांध टूट चुका है। मांगों पर सुनवाई नहीं होने के कारण अब सड़क जाम करने का निर्णय लिया गया है।
वहीं, संगठन के पूर्वांचल प्रभारी सालिक राम यादव ने कहा कि किसानों की नौ सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना और अनशन किया जा रहा है। जब तक सभी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन किसानों और मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहेगा। और कहा कि अभी तक हम जिलाधिकारी द्वारा लगाए गए धारा 173 का पालन कर रहे हैं। लगाई गई धारा का अनुपालन नहीं करेंगे पुतला दहन भी करेंगे।
धरने में शामिल पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस मौके पर महिला जिला अध्यक्ष मीरा देवी, रवींद्र मिश्रा, विश्राम यादव, अशोक यादव, मनीलाल यादव, दुर्गावती देवी और सुधा मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
























