आजमगढ़ कूडो टीम का ऐतिहासिक प्रदर्शन, ओवरऑल चैंपियन बनी

आजमगढ़ कूडो टीम का ऐतिहासिक प्रदर्शन, ओवरऑल चैंपियन बनी
101 पदकों के साथ जिले का नाम किया रोशन, 48 स्वर्ण समेत जीते 101 पदक
आजमगढ़। गोरखपुर के स्प्रिंगर स्कूल में 1 से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 9वें उत्तर प्रदेश स्टेट कूडो टूर्नामेंट में आजमगढ़ कूडो टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में आजमगढ़ के 100 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में प्रतिभाग किया।
आजमगढ़ के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत का शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 101 पदक अपने नाम किए। इनमें 48 स्वर्ण, 28 रजत और 25 कांस्य पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन के दम पर आजमगढ़ टीम प्रतियोगिता की ओवरऑल चैंपियन बनी।
कूडो एसोसिएशन आजमगढ़ के सचिव देवेंद्र वर्मा के नेतृत्व में टीम ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों को प्रशिक्षक विनोद कन्नौजिया, लक्ष्मीकांत मिश्रा, सचिन कुमार, प्रियम मिश्रा और हिमांशु यादव ने प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया।
सोमवार देर रात पदक जीतकर खिलाड़ियों के जनपद लौटने पर रोडवेज परिसर में खेल प्रेमियों और अभिभावकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी गई।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय खिलाड़ियों के समर्पण, प्रशिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के निरंतर सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि जिले में कूडो खेल को और मजबूत करने तथा प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *