बदायूँ।परिवार परामर्श केंद्र ने टूटते परिवारों को फिर जोड़ा

परिवार परामर्श केंद्र ने टूटते परिवारों को फिर जोड़ा

काउंसलिंग से सुलझे पारिवारिक विवाद, तीन परिवारों में हुआ समझौता

पुलिस परिवार परामर्श केंद्र में 40 मामलों की हुई सुनवाई, 20 फाइलों पर काउंसलिंग

बदायूं। आपसी कलह और पारिवारिक मतभेद के चलते बिखर रहे परिवारों को फिर से जोड़ने की दिशा में बदायूं पुलिस के परिवार परामर्श केंद्र ने पहल की। शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं में आयोजित परिवार परामर्श केंद्र की बैठक में पारिवारिक विवादों से जुड़ी कुल 40 फाइलें प्रस्तुत की गईं।

काउंसलिंग के दौरान परामर्श केंद्र के सदस्यों ने दोनों पक्षों की समस्याओं को सुना और आपसी बातचीत के माध्यम से विवादों का समाधान निकालने का प्रयास किया। इनमें से 20 मामलों में काउंसलिंग की गई, जबकि तीन मामलों में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया। छह फाइलें निरस्त की गईं तथा शेष मामलों में सुनवाई के लिए अग्रिम तिथि निर्धारित की गई।

परामर्श केंद्र में काउंसलर एसडी शर्मा, अशोक खुराना, ज्वाला प्रसाद गुप्ता, सुषमा कथूरिया और शिव स्वरूप गुप्ता मौजूद रहे। पुलिस की ओर से महिला हेड कांस्टेबल कुमुद (प्रभारी) के साथ महिला कांस्टेबल राखी, कांस्टेबल स्वाति और कांस्टेबल डौली ने संबंधित मामलों की कार्रवाई में सहयोग किया।

समझौता होने के बाद संबंधित परिवारों को आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से पुलिस द्वारा विवादों को बातचीत और समझाइश के जरिए सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *