गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिस लाइन में गूंजा सत्य, सेवा और राष्ट्रभक्ति का संदेश
एसएसपी अंकिता शर्मा ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर अर्पित किए श्रद्धासुमन, नौ पुलिसकर्मी पदक से सम्मानित
बदायूं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार को पुलिस लाइन बदायूं में श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी दोनों महान विभूतियों को नमन किया।
इस दौरान एसएसपी ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, करुणा और सेवा के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने सभी से इन मूल्यों को अपने कार्य और जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
नौ पुलिसकर्मियों को मिला सेवा पदक
गांधी जयंती के अवसर पर उत्कृष्ट एवं अति उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। निरीक्षक नागरिक पुलिस प्रवीण कुमार, उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस दीनानाथ मौर्य, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस मलखान सिंह एवं चंद्रपाल सिंह, मुख्य आरक्षी सशस्त्र पुलिस नत्थू सिंह, शिव प्रताप सिंह, राजेश कुमार और सुखवीर सिंह को अति उत्कृष्ट सेवा पदक से अलंकृत किया गया। वहीं मुख्य आरक्षी चालक भुवनेश कुमार को उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया।
इसके अलावा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिंद जाधव समेत अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
























