बलिया।ब्रिज कोर्स में पासिंग मार्क्स की बाध्यता खत्म करने की मांग

ब्रिज कोर्स में पासिंग मार्क्स की बाध्यता खत्म करने की मांग

69000 शिक्षक भर्ती के बीएड शिक्षकों ने सांसद और विधायक को सौंपा ज्ञापन

 संजीव सिंह बलिया। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत 69000 शिक्षक भर्ती के बीएड योग्यताधारी शिक्षकों ने छह माह के ब्रिज कोर्स में पासिंग मार्क्स की बाध्यता समाप्त करने की मांग की है। इस संबंध में शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद नीरज शेखर और बांसडीह विधायक केतकी सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में शिक्षकों ने कहा कि ब्रिज कोर्स को परीक्षा आधारित न रखकर विभागीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण के रूप में पूरा कराया जाए। शिक्षकों ने प्रशिक्षण के लिए पासिंग मार्क्स की अनिवार्यता समाप्त करने के साथ ही विद्यालय समय में प्रशिक्षण कराने की बाध्यता से भी राहत देने की मांग की।

शिक्षकों का कहना है कि विद्यालयों में अध्यापन कार्य के अलावा जनगणना और अन्य विभागीय कार्य भी संचालित होते रहते हैं। ऐसे में इन सभी जिम्मेदारियों के साथ ब्रिज कोर्स का अनिवार्य प्रशिक्षण पूरा कराना व्यवहारिक नहीं है। उन्होंने ब्रिज कोर्स की विसंगतियों को दूर कर इसे विभागीय प्रशिक्षण के रूप में संचालित करने का अनुरोध किया।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, सांसद नीरज शेखर ने ज्ञापन में उल्लिखित मांगों पर सहमति जताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर शिक्षकों को राहत दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं, विधायक केतकी सिंह ने मुख्यमंत्री, बेसिक शिक्षा मंत्री और शासन के उच्चाधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर समस्याओं के समाधान के लिए पैरवी करने का भरोसा दिलाया।

ज्ञापन सौंपने वालों में अटेवा के जिला मीडिया प्रभारी संजीव कुमार सिंह, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, अग्निवेश तिवारी, प्रवीण कुमार पांडेय, सिद्धार्थ सिंह, संकेश यादव, अमित कुमार सिंह, प्रमोद, धीरज, निखिलेश, रौशन असगर, शिवजी, विनय, राकेश, संतोष सैयद, अशोक और अजय सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *