24 घंटे में तीन नाबालिग गुमशुदा बच्चे सकुशल बरामद
सिविल लाइंस पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर परिजनों को सौंपा
बदायूं। थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के ग्राम मौजमपुर छज्जू से गुम हुए तीन नाबालिग बच्चों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्चों के परिजनों ने राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को एक परिजन ने अपने पुत्र और उसके दो दोस्तों के गुम होने की सूचना थाना सिविल लाइंस पुलिस को दी थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर बच्चों की तलाश के लिए टीम गठित की।
पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए तीनों नाबालिग बच्चों को 24 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भूपसिंह, कांस्टेबल 856 अमित कुमार और कांस्टेबल 2636 अफसर सैफी शामिल रहे।
























