
लाखों की ठगी करने वाला ईनामी शातिर एसटीएफ ने दबोचा
उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में है कई मामले दर्ज
पंजाब के अमृतसर क्षेत्र से किया गिरफ्तार
चंपावत। प्रदेश पुलिस ने इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफऔर लोहाघाट पुलिस के संयुक्त प्रयास से 25,000 रुपये का इनामी अपराधी जगमोहन सिंह को पंजाब के अमृतसर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। यह अपराधी ठगी और धोखाधड़ी के मामलों में लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में कई मामले दर्ज थे।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर के निर्देशन में सीओ एसटीएफ आरबी चमोला की देखरेख में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार किए गए अपराधी पर चम्पावत जनपद में 2018 में एक फर्जी फाइनेंस कंपनी खोलकर लाखों रुपये ठगने का आरोप है। आरोपी ने ‘किम फ्यूचर विजन सर्विसेज लिमिटेड’ नामक कंपनी खोली थी, जिसमें उसने निवेशकों को धन दोगुना करने का झांसा देकर उनके पैसे हड़प लिए थे। ठगी के शिकार लोकमणी जोशी ने लोहाघाट थाने में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया था।
आरोपी की तलाश के दौरान वह अदालत द्वारा फरार घोषित किया गया था और इस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने लंबे समय से उसकी तलाश जारी रखी थी और हाल ही में एसटीएफ को आरोपी की लोकेशन की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने अमृतसर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर उत्तराखंड लाया गया है, जहां लोहाघाट थाने में उसके खिलाफ दर्ज मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
























