लेंटर भरभराकर गिरा, मलबे में दबे तीन लोग जेसीबी से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद निकाले गए, अस्पताल ले जाते समय युवक ने तोड़ा दम
बदायूं/उसहैत। जनपद की दातागंज तहसील क्षेत्र के उसहैत थाना अंतर्गत नौगवां नसीरनगर गांव में रविवार शाम निर्माणाधीन मकान का लेंटर अचानक भरभराकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में दबकर तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद और जेसीबी के जरिए करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला। अस्पताल ले जाते समय एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
नौगवां नसीरनगर निवासी पन्ना लाल उर्फ दलवीर सिंह (28) गांव के बाहर म्याऊं-उसहैत मार्ग पर मकान का निर्माण करा रहे थे। रविवार को मशीन के जरिए मकान का लेंटर डाला जा रहा था। निर्माण कार्य में गांव के कुछ लोगों के साथ उसहैत कस्बे से आए मजदूर भी लगे हुए थे।
बताया गया कि शाम करीब पांच बजे तक लेंटर का लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था। इसी दौरान लेंटर के नीचे लगाई गई सपोर्ट की एक बल्ली मिट्टी में धंस गई। बल्ली धंसने पर गांव निवासी चंद्रभान, मकान मालिक दलवीर सिंह और दलवीर के साले अवनीश (25) दूसरी बल्ली लगाने के लिए पहुंचे। इसी दौरान अचानक पूरा लेंटर भरभराकर नीचे आ गिरा और तीनों लोग भारी मलबे के नीचे दब गए।
पुलिस ने जेसीबी से शुरू कराया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही उसहैत थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल जेसीबी मंगवाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद तीनों घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले अवनीश ने तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल अवनीश की हालत रास्ते में बिगड़ गई। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं दलवीर सिंह और चंद्रभान का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
























