19 सितंबर को बदायूं में लगेगा वृहद रोजगार मेला, 35 से 40 कंपनियां करेंगी प्रतिभाग
हाईस्कूल से स्नातकोत्तर, आईटीआई व डिप्लोमा उत्तीर्ण 18 से 40 वर्ष के अभ्यर्थी ले सकेंगे हिस्सा
बदायूं। बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत 19 सितंबर 2026 को बदायूं में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में निजी क्षेत्र की 35 से 40 कंपनियां प्रतिभाग कर युवाओं का चयन करेंगी।
जिला मजिस्ट्रेट अवनीश राय ने बताया कि जिला सेवायोजन कार्यालय, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बदायूं तथा कौशल विकास मिशन बदायूं के संयुक्त तत्वावधान में रोजगार मेले का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय सत्यवती मेमोरियल इंटर कॉलेज, ढिलवारी, दातागंज परिसर में किया जाएगा। मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
मेले में हाईस्कूल से लेकर स्नातकोत्तर, आईटीआई और डिप्लोमा आदि शैक्षिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन के अनुसार मेले में करीब 2000 अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपते हुए रोजगार मेले की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक मेले के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
























