आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण की मजबूत कड़ी: बब्बू भैया
15 कार्यकत्रियों व 158 सहायिकाओं को वितरित किए गए नियुक्ति पत्र, विधायक ने निष्ठा और सेवाभाव से कार्य करने का किया आह्वान
दातागंज(बदायूं)। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में सोमवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय दातागंज में नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक एवं सभापति प्रतिनिधि विधायन समिति राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया रहे। विधायक ने नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान 15 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 158 सहायिकाओं, कुल 173 नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर विधायक बब्बू भैया ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं समाज में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा देने, उन्हें समुचित पोषण उपलब्ध कराने तथा गर्भवती और धात्री माताओं की देखभाल सुनिश्चित करने में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मियों से पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार द्वारा पोषण अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त कार्यकत्रियां और सहायिकाएं सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम का मंच संचालन अध्यापक माधव सिंह ने किया। इस दौरान तहसीलदार दातागंज, कार्यक्रम संयोजक एवं म्याऊं सीडीपीओ हरेन्द्र, उसावां, समरेर एवं दातागंज के सीडीपीओ, पत्रकार बंधु तथा बड़ी संख्या में नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।
























