बिसौली के गेस्ट हाउस में अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़, होटल मालिक-संचालक समेत 12 गिरफ्तार
बदायूं। बिसौली थाना पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रानेट चौराहे के पास स्थित जय भोले गेस्ट हाउस में छापेमारी की। पुलिस ने मौके से होटल मालिक और संचालकों समेत 10 पुरुषों तथा दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बिसौली के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। नायब तहसीलदार, प्रभारी निरीक्षक बिसौली और महिला पुलिस टीम की मौजूदगी में 6 सितंबर को गेस्ट हाउस में दबिश दी गई।
पुलिस का आरोप है कि गेस्ट हाउस में अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान होटल मालिक सुधांशु वाष्णेय, होटल संचालक सौरभ उर्फ छोटू और विक्की समेत कुल 10 पुरुषों तथा दो महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया गया। मामले में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में होटल मालिक और संचालक भी शामिल
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सुधांशु वाष्णेय निवासी बिसौली को होटल मालिक, जबकि सौरभ उर्फ छोटू और विक्की को होटल संचालक बताया गया है। इनके अलावा भगवानदास निवासी बंजरिया बिसौली, होशियार सिंह निवासी स्वरूपपुर थाना उघैती, अमन गुप्ता निवासी बिसौली, संजीव निवासी मिठामई, अर्जुन निवासी बिसौली, अंकित निवासी मटनजुड़ी तथा शानू निवासी मौलागढ़ थाना मूंढापांडे जनपद मुरादाबाद शामिल हैं।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। मामले की जांच जारी है।
























